
कोरोनावायरस से दुनिया में अब तक 2 करोड़ 91 लाख 80 हजार 905 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 9 लाख 28 हजार 265 लोगों की जान जा चुकी है। अच्छी बात यह है कि 2 करोड़ 10 लाख 26 हजार 766 लोग ठीक भी हो चुके हैं। ये आंकड़े worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दुनिया भर में एक दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 7 हजार 930 मामले सामने आए। सबसे ज्यादा मामले भारत से सामने आए। दूसरे नंबर पर अमेरिका और तीसरे नंबर पर ब्राजील रहा। पिछली बार सबसे ज्यादा मामले 6 सितंबर को सामने आए थे। उस दिन संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख 6 हजार 857 रहा था।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार दोबारा तीन हफ्ते के लिए देशभर में लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया। यह लॉकडाउन शुक्रवार से लागू होगा। इसके साथ ही इजराइल देशभर में दोबारा लॉकडाउन लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। देश में बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला किया गया है। इस दौरान लोगों को अपने घर से 500 मीटर के दायरे में ही रहना होगा। हालांकि, वे सीमित समय के लिए काम पर जा सकते हैं।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 6,698,525 | 1,98,308 | 39,74,949 |
भारत | 48,45,003 | 79,754 | 37,77,044 |
ब्राजील | 43,30,455 | 1,31,663 | 35,73,958 |
रूस | 10,62,811 | 18,578 | 8,76,225 |
पेरू | 7,29,619 | 30,710 | 5,66,796 |
कोलंबिया | 7,16,319 | 22,924 | 5,99,385 |
मैक्सिको | 6,68,381 | 70,821 | 4,71,623 |
साउथ अफ्रीका | 6,49,793 | 15,447 | 5,77,906 |
स्पेन | 5,76,697 | 29,747 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 5,46,481 | 11,263 | 4,09,771 |
ऑस्ट्रेलिया: हॉटस्पॉट वाले इलाके में प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रविवार को लोगों ने हॉटस्पॉट वाले इलाके में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोग संक्रमण रोकने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे कामों से नाराज थे। प्रदर्शन करने वालों ने पुलिस पर फल और सब्जियां फेंकी। पुलिस ने महामारी से जुड़े नियमों को तोड़ने के लिए 74 लोगों को गिरफ्तार किया है और 176 लोगों पर जुर्माना लगाया है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन में करीब 250 लोग शामिल थे।

सऊदी अरब: इंटरनेशनल फ्लाइट्स को मंजूरी
सऊदी अरब ने मंगलवार से इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगी पाबंदियां हटाने का ऐलान किया है। करीब 6 महीने के बाद देश में कुछ दूसरे देशों की फ्लाइट्स को आने की मंजूरी दी जाएगी। 1 जनवरी के बाद सऊदी अरब सड़क और समुद्र के रास्ते अपने देश के लोगों की आवाजाही पर लगी रोक भी हटा लेगा। सरकार ने कहा है कि इसकी तारीख की घोषणा दिसंबर में की जाएगी। इसके साथ ही वैध वीजा वाले दूसरे देशों के लोग भी सऊदी आ सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें संक्रमण नहीं होने का सर्टिफिकेट दिखाना होगा।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2FpdnII
via IFTTT
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें